अमरीका : कॉल सैंटर घोटाले में भारतीय को 16 माह की कैद

वॉशिंगटन, 3 अप्रैल (भाषा) : कॉल सैंटर घोटाला मामले में दोषी करार दिए गए एक भारतीय नागरिक को 16 महीने कैद की सजा सुनाई गई है। इस घोटाले में 340 से ज्यादा लोगों के साथ ठगी हुई थी जिससे 2,00,000 अमरीकी डॉलर से अधिक का नुकसान हुआ था। न्याय विभाग ने बुधवार को बताया कि महबूब मंसुराली चरानिया ने जनवरी में धन के अवैध लेन-देन के कारोबार में लिप्त होने का दोष स्वीकार किया था। इसके बाद उसे मामले में दोषी ठहराया गया। विभाग का कहना है कि 16 महीने की सजा के बाद तीन साल तक उनपर नजर रखी जाएगी। चरानिया को विशेष समीक्षा के लिए 100 डॉलर की राशि देने और योजना के पीड़ितों को क्षतिपूर्ति के रूप में 2,03,958.02 डॉलर देने का आदेश भी दिया गया है।