शिव सेना हिन्दोस्तान ने चंडीगढ़, हरियाणा व पंजाब से उतारे 7 उम्मीदवार
चंडीगढ़, 4 अप्रैल (पठानिया) : लोकसभा चुनावों के मद्देनजर शिव सेना हिन्दोस्तान ने चंडीगढ़, हरियाणा व पंजाब से चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पार्टी ने आज अपने उम्मीदवारों के नामों की पहली सूची जारी की। शिव सेना हिंदुस्तान के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता ने चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब की संसदीय सीट के पार्टी उ म्मीदवारों के नामों की घोषणा की। चंडीगढ़ से उम् मीदवार जगदीश निधान का नाम घोषित किया, वहीं पंजाब से 7 उम्मीदवारों के नाम पार्टी ने अनाउंस किए। चंडीगढ़ प्रैस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान पवन कुमार गुप्ता ने बताया कि उनकी पार्टी की ओर से लोकसभा चुनाव-2019 को देखते हुए चंडीगढ़ व पंजाब से चुनाव लड़ने का फैसला किया गया है। इसी के मद्देनजर आज पार्टी के उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई। चंडीगढ़ से यहां जगदीश निधान का नाम पार्टी प्रत्याशी के तौर पर घोषित किया गया। इसी तरह से पंजाब के पटियाला सीट से शिवाकांत पांडे, संगरूर से राजबीर कौर वर्मा, लुधियाना से देवेंदर बगरिया, भटिंडा से सुखचैन सिंह भार्गव, फरीदकोट से सुखदेव सिंह भट्टी, खडूर साहिब से संतोख सिंह सुख और आनंदपुर साहिब से अश्विनी चौधरी का नाम शामिल है। पवन कुमार गुप्ता ने आगे बताया की पार्टी पंजाब में सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि पूरे देश में 50 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी उम्मीदवारों की दूसरी सूची आने वाले कुछ ही दिनों में जारी कर दी जाएगी।