भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र राजनीतिक जुमलों का अगला अंक : सुनील जाखड़

चंडीगढ़, 8 अप्रैल (अजीत ब्यूरो): पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान सुनील जाखड़ ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज जारी किए चुनावी घोषणा पत्र को भाजपा के राजनीतिक जुमलों का अगला अंक करार देते इसको भाजपा का देश के लोगों के लिए धोखा पत्र बताया है। सुनील जाखड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने 2014 में भी ऐसे ही वायदे करके सरकार बनाई थी परन्तु नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार अपने 5 वर्ष के कार्यकाल दौरान अपने वायदे पूरे करने में नाकाम रही है और अब चुनावों से पहले भाजपा ने अपने राजनीतिक जुमलों का नया किताबचा जारी किया है परन्तु देश का आवाम इस बार भाजपा के जाल में नहीं फंसेगा। सुनील जाखड़़ ने भाजपा द्वारा अपने चुनावी घोषणा पत्र में किसानों से किए वायदों की बात करते कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में कृषि वस्तुओं पर जी.एस.टी. लगाकर किसानों को कीमतें पूरी न देकर और एम.एस.पी. की घोषणा करके उस मूल्य पर फसलों की खरीद न करके किसानों से बड़ा धोखा किया है।