फतेहगढ़ साहिब से चौतरफा मुकाबला होने की संभावना

खन्ना, 8 अप्रैल (हरजिंदर सिंह लाल): लोकसभा क्षेत्र फतेहगढ़ साहिब लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब व संगरूर ज़िलों में फैला हुआ है। इसमें इन तीनों ज़िलों के खन्ना, समराला, पायल, बस्सी पठाना, फतेहगढ़ साहिब, अमलोह, रायकोट व अमरगढ़ विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। पिछली बार इस क्षेत्र के कुल मतदाता 13,96957 थे, इस बार कुल 15 लाख के करीब वोट होने के आसार हैं। 2008 में बनाए गए आरक्षित लोकसभा क्षेत्र फतेहगढ़ साहिब के लिए सभी प्रमुख पार्टियों ने अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। फतेहगढ़ साहिब में चौतरफा मुकाबला होने की सम्भावना है। कांग्रेस ने पूर्व आई.ए.एस. डा. अमर सिंह, अकाली-भाजपा गठबंधन ने भी पूर्व आई.ए.एस. दरबारा सिंह गुरु को उम्मीदवार बनाया है। जबकि ‘आप’ ने रिटायर्ड आबकारी अधिकारी व पूर्व अकाली नेता के बेटे बलजिंदर सिंह चीदा को उम्मीदवार घोषित किया है। पंजाब डैमोक्रेटिक एलायंस ने यहां से सिख कत्लेआम के होंद-चिल्लड़ कांड के लिए प्रसिद्ध मनमिंदर सिंह ज्ञासपुरा को चुनाव मैदान में उतारा है। फतेहगढ़ साहिब लोकसभा क्षेत्र में पहले हुए 2 चुनावों में से एक बार 2009 में कांग्रेस के सुखदेव सिंह लिबड़ा, अकाली-भाजपा गठबंधन के चरनजीत सिंह अटवाल को 3 लाख 59 हज़ार 258 के मुकाबले, 3 लाख 93 हज़ार 557 वोट लेकर हरा चुके हैं। जबकि 2014 में आम आदमी पार्टी के हरिंदर सिंह खालसा ने 3 लाख 67 हज़ार 293 वोट लेकर कांग्रेस के साधु सिंह धर्मसोत को हराया, जिन्हें 3 लाख 13 हज़ार 149 वोट पड़े थे जबकि अकाली-भाजपा गठबंधन के कुलवंत सिंह ने 3 लाख 12 हज़ार 815 वोट लिए थे।