राहुल का शतक बेकार, मुंबई जीता

मुंबई, 10 अप्रैल (वार्ता) : वानखेड़े स्टेडियम में किंग्स इलेवन पंजाब व मुंबई इंडियंस के मध्य खेले गए मैच में मुंबई ने पंजाब को 3 विकेट से हरा दिया। पंजाब की ओर से दिए गए 198 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम ने 20 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। मुंबई की ओर से किरोन पोलार्ड ने सर्वाधिक 31 गेंदों में 83 रन बनाए।वहीं इससे पहले पंजाब की ओर से ओपनर लोकेश राहुल (नाबाद 100) के विस्फोटक शतक और क्रिस गेल (63) की आतिशी अर्धशतकीय पारी से किंग्स इलेवन पंजाब ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ बुधवार को आईपीएल-12 के मुकाबले में चार विकेट पर 197 रन का मजबूत स्कोर बना लिया। राहुल ने आईपीएल में अपना पहला शतक बनाया। इससे पहले उनका आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 95 रन था जो उन्होंने पिछले सत्र में बनाया था। राहुल ने 64 गेंदों पर नाबाद 100 रन में छह चौके और छह छक्के लगाए। राहुल ने अपनी इस विस्फोटक पारी से विश्व कप टीम में जगह बनाने के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया। राहुल ने गेल के साथ पहले विकेट की साझेदारी में 125 ओवर में 116 रन जोड़े। गेल ने भी प्रचंड अंदाज में खेलते हुए 36 गेंदों पर 63 रन में तीन चौके और सात छक्के उड़ाए। राहुल ने अंतिम तीन ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की जिसकी बदौलत पंजाब ने इन तीन ओवरों में 55 रन जोड़ डाले। पंजाब को मजबूत स्कोर तक पहुंचने के लिए अंतिम ओवरों में बड़े शॉट की जरूरत थी और राहुल ने 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या की गेंदों पर तीन छक्के और एक चौका उड़ाते हुए 25 रन बटोर डाले। पांड्या ने चार ओवर में 57 रन लुटाकर दो विकेट लिए और आईपीएल इतिहास में दूसरे सबसे महंगे गेंदबाज बने। राहुल ने आखिरी ओवर में जसप्रीत बुमराह की पहली गेंद पर जोरदार छक्का मारा और 98 रन पर पहुंच गए। उन्होंने चौथी गेंद पर दो रन लेकर अपना शतक पूरा किया।