सीपीआई (एम.एल.) रैड स्टार भी चुनाव मैदान में उतरी

चंडीगढ़, 10 अप्रैल (विक्रमजीत सिंह मान): सीपीआई (एम.एल.) रैड स्टार ने चंडीगढ़ व पंजाब में लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है। पार्टी ने लोकसभा क्षेत्र चंडीगढ़ व संगरूर से दो प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी कर दी है। चंडीगढ़ प्रैस क्लब में सी.पी.आई. (एम.एल.) रैड स्टार के सचिव कामरेड लश्कर सिंह ने बताया कि लोकसभा क्षेत्र चंडीगढ़ से वह खुद चुनाव लड़ेंगे जबकि पंजाब के संगरूर से कामरेड जीत सिंह चुनाव मैदान में उतरेंगे। पार्टी ने इस अवसर पर अपना घोषणा पत्र भी जारी किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए कामरेड लश्कर सिंह ने कहा कि यदि देश की सत्ता से भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाना है तो यकीनी तौर पर जनतक विकल्प हेतु सभी पार्टियों को एकजुट होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि देश भर में छात्रों व युवाओं के आंदोलन, मातृ भाषा को लेकर संघर्ष व लिंग असमानता विरुद्ध महिलाओं की आवाज़, वातावरण व सुरक्षा के संघर्ष धीरे-धीरे तेज़ी पकड़ रहा है, जबकि बेरोज़गारी व भ्रष्टाचार शिखर पर है। अपने चुनाव घोषणा पत्र बारे बताते हुए उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पंजाब का अटूट भाग है जो पंजाब से छीन लिया गया, जिसको पाने के लिए वह संघर्ष करेंगे। उद्योग स्थापित करने, दलितों पर अत्याचार, पंजाब के पानी के मुद्दे से अतिरिक्त बेरोज़गारी व भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उनके प्रमुख एजेंडे में शामिल किया गया है।