मुंबई ने बेंगलुरु को रौंदा

मुंबई, 15 अप्रैल (एजेंसी) : वानखेड़े स्टेडियम में रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु व मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस ने बेंगलुरु को 5 विकेट से हरा दिया। बेंगलुरु की ओर से दिए गए 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस ने 19 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। मुंबई इंडियंस की ओर से क्विंटन डिकाक ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। वहीं इससे पहले बेंगलुरु ने एबी डिविलियर्स और मोईन अली के अर्धशतकों की मदद से रायल चैलेंजर्स बेंगलोर ने खराब शुरुआत से उबरकर मुंबई इंडियन्स के खिलाफ आईपीएल मैच में सोमवार को यहां सात विकेट पर 171 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया। डिविलियर्स ने 51 गेंदों पर 75 रन बनाये जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल हैं। मोईन ने 32 गेंदों पर एक चौके और पांच छक्कों की मदद से 50 रन की पारी खेली। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 95 रन की साझेदारी की। मुंबई की तरफ से लेसिथ मलिंगा ने 31 रन देकर चार विकेट लिये। मुंबई ने टास जीतकर बेंगलोर को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया और शुरू में कसी हुई गेंदबाजी की। पहले चार ओवर में केवल 21 रन बने और इस बीच जेसन बेहरनडोर्फ ने कप्तान विराट कोहली (आठ) को विकेट के पीछे कैच कराकर बेंगलोर को करारा झटका दिया। पार्थिव पटेल (20 गेंदों पर 28) ने हालांकि बेहरनडोर्फ के अगले ओवर में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 19 रन बटोरे जिससे पावरप्ले तक स्कोर 45 रन की सम्मानजनक स्थिति तक पहुंच पाया। पार्थिव की आक्रामकता एक ओवर तक ही सीमित रही और हार्दिक पंड्या ने धीमी गेंद पर ललचाकर उन्हें हवा में गेंद लहराकर कैच देने के लिये मजबूर किया।  डिविलियर्स और मोईन ने यहां से जिम्मेदारी संभाली।