सऊदी अरब में दो पंजाबियों के सिर कलम

चंडीगढ़, 17 अप्रैल (अ.स.) : सऊदी अरब में दो भारतीयों के अपने एक साथी के कत्ल के दोष में सिर कलम कर दिए गए। मध्य एशिया के सऊदी अरब में जिन दो भारतीय नागरिकों के सिर कलम किए गए उनमें पंजाब के होशियारपुर के रहने वाले सतविन्द्र कुमार और लुधियाना के हरजीत सिंह शामिल हैं। विदेश मंत्रालय ने इन दोनों के सऊदी अरब में सिर कलम किए जाने की पुष्टि की है। सऊदी अरब के अधिकारियों द्वारा इनके सिर कलम करने से पूर्व भारतीय राजदूत को कोई जानकारी नहीं दी गई। दोनों सतविन्द्र और हरजीत 2013 में वर्क परमिट पर सऊदी अरब गए थे और 28 फरवरी 2019 को उनके सिर कमल कर दिए गए। उन पर अपने एक भारतीय साथी आरीफ इमामूद्दीन के कत्ल का दोष लगाया गया, जिसको उन्होंने पैसों के लेन-देन को लेकर कत्ल कर दिया था जो उन्होंने कहीं से लूटे थे। सऊदी के कानून के अनुसार उनके परिवारों को दोनों के शव नहीं मिलेंगे। बल्कि उन्हें मृत्यु प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार सतविन्द्र कुमार की पत्नी सीमा रानी ने अपने पति के बारे में जानने के लिए एक याचिका दायर की है। सीमा रानी को विदेश विभाग से 9 दिसम्बर 2015 को एक पत्र प्राप्त हुआ था , जिसमें लिखा गया था कि उनके पति को एक कत्ल के मामले में गिरफ्तार किया गया है। वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह ने दो पंजाबियों के सर कलम किए जाने को अमानवीय करार दिया है।