एशियाई एथलैटिक्स चैंपियनशिप : अनु ने भाला फेंक में जीता रजत

दोहा, 21 अप्रैल (वार्ता) : भारत की अनु रानी ने 23वीं एशियाई एथलैटिक्स चैंपियनशिप में रविवार को महिला भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक जीत लिया जबकि पारुल चौधरी ने महिला 5000 मीटर स्पर्धा में देश को कांस्य पदक दिलाया। अनु ने खलीफा स्टेडियम में 60.22 मीटर की थ्रो के साथ रजत हासिल किया। पारुल ने हमवतन संजीविनी जाधव को अंतिम लैप में पीछे छोड़ कर कांस्य अपने नाम किया। पारुल ने 15:36.03 का अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकाला। अनु ने अपने पहले ही प्रयास में 60 मीटर की दूरी पार कर ली जो उन्हें रजत दिलाने के लिए काफी थी। भारत की शर्मीला कुमारी को सातवां स्थान मिला। चीन को इस स्पर्धा का स्वर्ण मिला। स्टार फर्राटा धाविका दुती चंद ने को 100 मीटर की हीट में 11.28 सेकंड का समय निकालकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया। दुती ने 11.28 सेकंड का समय लेकर पिछले वर्ष गुवाहाटी में बनाये 11.29 सेकंड के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा। हिमा दास को पीठ दर्द के कारण 400 मीटर के सेमीफाइनल में बाहर हो जाना पड़ा।