कराची जेल से लाहौर पहुंचे रिहा किये मछुआरे, जल्द भारत पहुंचने की संभावना

अमृतसर, 22 अप्रैल - (सुरिन्दर कोछड़) - पाकिस्तान की तरफ से मानवता के आधार पर अपनी सजा पूरी कर चुके 360 भारतीय कैदियों को रिहा करने के ऐलान के चलते बीते दिन 100 और भारतीय मछुआरे रिहा किये गए। इन मछुआरों को कराची की लांडी जेल से कल रिहाई के बाद आज प्रातःकाल रेल गाड़ी के द्वारा लाहौर पहुंचे। इनको बाद दोपहर पाक रेंजरों की ओर से अटारी-वाघा चैक पोस्ट के द्वारा भारत के हवाले किया जायेगा। इसके मद्देनजर इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के अधिकारी भारतीय समय के मुताबिक लगभग 10 बजे वाघा के लिए रवाना हो चुके हैं। इससे पहले 8 और 15 अप्रैल को पाक की जेलों में बंद 100 -100 भारतीय मछुआरे रिहा किये जा चुके हैं और अंतिम बैच में 29 अप्रैल को 55 मछुआरे और 5 आम भारतीय कैदी रिहा किये जाएंगे। बताया जा रहा है कि भारतीय मछुआरों को रिहा करने की इस कार्यवाही से पहले पाक की जेलों में 537 भारतीय कैदी बंद थे, जिनमें से 483 मछुआरे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाक सरकार द्वारा रिहा किये गए और ज्यादातर मछुआरे नवंबर 2017 में गिरफ्तार किये गए थे और इनको 17 से 18 महीनों तक की सजा सुनाई गई थी, जोकि अब पूरी हो चुकी है।