अल्जीरिया का सबसे धनी व्यक्ति भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार 


अल्जीयर्स, 23 अप्रैल (एजैंसी) : अल्जीरिया के सबसे धनी व्यक्ति इसाद रबराब को लोक अभियोजक के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। सरकारी मीडिया ने मंगलवार को यह खबर दी। रबराब को भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच में एक दिन पहले ही गिरफ्तार किया गया था। लंबे समय तक देश के राष्ट्रपति रहे अब्दुल अजीज बूटफ्लिका ने अप्रैल की शुरूआत में अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था। उनके विरोध में कई सप्ताह से देश भर में व्यापक प्रदर्शन हो रहे थे। उनके इस्तीफे के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं।  रबराब (74) अल्जीरिया में निजी क्षेत्र के सबसे बड़े समूह ‘सेविटल’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। रबराब को जेल में रखा गया है।  रबराब पर पैसों के लेनदेन के बारे में गलत बयान देने का संदेह है। फोर्ब्स पत्रिका के अनुसार रबराब अल्जीरिया के सबसे धनी व्यक्ति हैं।