वादे को पूरा करना बड़ी चुनौती : गंभीर

नई दिल्ली, 25 अप्रैल (वार्ता) : पूर्वी दिल्ली क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार गौतम गंभीर ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस या आम आदमी पार्टी से बड़ी चुनौती वह चुनाव प्रचार के दौरान किये गये वादे को पूरा करना मानते हैं। गंभीर ने कहा कि कांग्रेस या ‘आप’ को वह बड़ी चुनौती नहीं मानते हैं बल्कि लोगों से जो वादा करते हैं उसे पूरा करने को वह बड़ी चुनौती समझते हैं। वह आलोचना की राजनीति नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ पार्टियों के प्रत्याशियों ने उनकी आलोचना की है लेकिन वह ऐसा नहीं करेंगे।