सेना पुलिस में होगी अब महिलाओं की भर्ती

नई दिल्ली 25 अप्रैल (वार्ता) : सेना ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए अपनी पुलिस शाखा के दरवाजे पहली बार महिलाओं के लिए खोल दिये हैं और उनसे भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। सेना पुलिस में जवान के स्तर पर महिलाओं की भर्ती से भविष्य में सेना की अन्य शाखाओं में भी महिला जवानों की भर्ती का मार्ग प्रशस्त होगा। अभी तीनों सेनाओं में महिलाओं की भर्ती केवल अधिकारी के स्तर पर ही की जाती है। यह पहला मौका है जब महिलाओं को सेना पुलिस में जवान के स्तर पर भर्ती किया जायेगा। वायु सेना ने कुछ वर्ष पहले महिलाओं को लड़ाकू भूमिका देते हुए उनकी बतौर लड़ाकू पायलट भी भर्ती की है। लेकिन थल सेना और नौसेना में अभी महिला अधिकारियों को विधिवत रूप से लड़ाकू भूमिका में भर्ती नहीं किया जाता है।