पेशावर के निकट मिला हथियार बनाने वाला 2200 वर्ष पुराना कारखाना

अमृतसर, 26 अप्रैल (सुरिन्दर कोछड़): पाकिस्तान के पेशावर शहर के निकट से खुदाई दौरान एक हथियार बनाने वाला कारखाना मिला है। पुरातत्व वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि हथियारों के कारखाने की निशानियां पेशावर शहर के निकट हयाताबाद क्षेत्र से मिली हैं और यह कारखाना 2200 वर्ष पुराना बताया जा रहा है। उनका कहना है कि यह कारखाना ईसा पूर्व के आखरी दो  सदियों के दौरान अस्तित्व में आए इंडो-ग्रीक काल का हो सकता है। इंडो-ग्रीक काल में मिट्टी के साथ निर्माण किया जाता था, जिस कारण उस समय के स्मारकों की सुरक्षा और देखभाल मुश्किल थी। बताया जा रहा है कि पेशावर यूनिवर्सिटी के पुरातत्व वैज्ञानिक पिछले 3 वर्षों से हयाताबाद क्षेत्र में खुदाई कर रहे हैं। यूनिवर्सिटी के प्रो. गुल रहम ने कहा कि उनको खुदाई दौरान इंडो-ग्रीक काल के कुछ सिक्के भी मिले हैं, जो कि 2200 वर्ष पुराने हैं। इसके अलावा लोहा पिघलाने वाले बर्तन, मूसल, चाकू और खुरपी जैसे औज़ार मिले हैं। इन सभी के आधार पर अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि इस जगह पर धातुओं व हथियार बनाए जाते थे।