मॉनसून से पहले हुई बारिश में 27 फीसदी कमी : मौसम विभाग

नई दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) : मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक मॉनसून से पहले मार्च से अप्रैल तक होने वाली बारिश में 27 फीसदी कमी दर्ज की गई है। मॉनसून पूर्व बारिश देश के कुछ हिस्सों में खेती के लिए काफी अहमियत रखती है। मौसम विभाग ने देश भर में एक मार्च से 24 अप्रैल के बीच 59.6 मिलीमीटर की सामान्य वर्षा के मुकाबले महज 43.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की है। यह दीर्घकालीन औसत (एलपीए) का 27 फीसदी कम है। एलपीए 50 साल की अवधि में दक्षिण पश्चिम मॉनसून के दौरान देश भर में हुई औसत वर्षा को कहा जाता है। सबसे अधिक 38 फीसदी कमी मौसम विभाग के उत्तर-पश्चिम भाग में दर्ज की गई। इस क्षेत्र में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश आते हैं। आईएमडी ने बताया कि इसके बाद 31 फीसदी कमी दक्षिणी प्रायद्वीप में दर्ज की गई जिसमें दक्षिण भारत के सभी पांच राज्य और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के अलावा गोवा एवं तटीय महाराष्ट्र आते हैं। पूर्व एवं पूर्वोत्तर भारत में 23 फीसदी कमी दर्ज की गई। मध्य भारत एकमात्र ऐसा क्षेत्र है, जहां सामान्य से 5 प्रतिशत ज्यादा वर्षा दर्ज की गई।