फादर एंथनी मामला : 2 करोड़ 10 लाख की और राशि बरामद

पटियाला, 04 मई - (धर्मेंद्र सिंह सिद्धू) - फादर एंथनी के करोड़ों रुपए गायब होने के मामले में गिरफ्तार किये गए दो पुलिस अधिकारी एएसआई जोगिन्द्र सिंह और एएसआई राजप्रीत सिंह के पुलिस रिमांड के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में पुलिस अधिकारी एएसआई जोगिन्द्र सिंह और एएसआई राजप्रीत सिंह को केरल के कोच्चि से गिरफ्तार किया गया था। इस मामले की जांच के दौरान पटियाला पुलिस को और कामयाबी मिली है और पुलिस ने दो स्थानों से 2 करोड़ 10 लाख की राशि बरामद की है। मिली जानकारी के अनुसार एएसआई राजप्रीत सिंह के पटियाला के महिंद्रा कालोनी स्थित पुराने घर में एक पेंट के डिब्बे से एक करोड़ रुपए रखे हुए थे, वह भी पुलिस ने बरामद कर लिये हैं जबकि एएसआई जोगिन्द्र सिंह के घर के साथ स्थित प्लाट में दबाकर रखे एक करोड़ 10 लाख भी बरामद किये हैं।