पत्थर जैसा दिखने वाला पत्थर केकड़ा

पत्थर केकड़ा विलक्षण शारीरिक संरचना वाला एक केकड़ा है। अंग्रेजी में इसे स्टोन क्रैब कहते हैं। पत्थर केकड़ा लिथोडीडाइ परिवार का जीव है। इस परिवार के अंतर्गत मुख्य रूप से दो प्रमुख केकड़े आते हैंद्रपत्थर केकड़ा (स्टोन क्त्रैब) और राज केकड़ा (किग क्त्रैब)। ये दोनों केकड़े वास्तविक केकड़े नहीं हैं। पत्थर केकड़ा देखने में वास्तविक केकड़े के समान लगता है। पत्थर केकड़ा एक समुद्री केकड़ा है। विश्व के सागरों और महासागरों में इसकी अनेक जातियां पायी जाती हैं। इन सभी की शारीरिक संरचना, भोजन, प्रजनन आदि से संबंधित आदतों और व्यवहारों आदि में पर्याप्त विविधता पायी जाती है। पत्थर केकड़ा मुख्य रूप से ठंडे सागरों और महासागरों का जीव है। यह प्राय: सागर तट से कुछ दूर गहरे पानी में रहना अधिक पसंद करता है। लिथोडिस मेआ नामक पत्थर केकड़े का शरीर मध्यम आकार के केकड़े के समान होता है एवं इस पर कांटे जैसे बाल होते हैं। पत्थर केकड़े के शरीर के ऊपर वाले भाग का रंग क्रीमी सफेद होता है तथा इस पर खून जैसे रंग का एक बड़ा पैबंद होता है। इसकी टांगें मकड़ी केकड़े के समान लंबी होती है एवं इनके सिरे नोकदार होते है। पत्थर केकड़े के आगे वाले दोनों पैरों में एक पैर बड़ा और मोटा होता है तथा इसका चिमटा भी भारी और शक्तिशाली होता है एवं इसके चिमटों सहित सभी पैरों का रंग भी इसके शरीर के रंग के समान होता है। किंतु पैरों के सिरों के नोकदार भाग खून जैसे लाल होते हैं। इसके केवल 8 पैर होते हैं। इनमें 6 पैर चलने वाले होते हैं तथा आगे के दो पैर भोजन करने वाले होते हैं। वास्तव में पत्थर केकड़े के भी 10 पैर होते हैं। किंतु इसके पैरों का अंतिम जोड़ा अर्थात पीछे वाले दोनों पैर इतने छोटे होते हैं कि ये इसके पेट और वक्ष के मध्य छिपे रहते हैं अत: दिखाई नहीं देते। इसका प्रमुख भोजन सागरों और महासागरों में पाए जाने वाले मृत जीव हैं। यह इन जीवों का सड़ा-गला मांस बड़े स्वाद से खाता है। मृत मछली का मांस इसे विशेष रूप से पसंद है। इसके साथ ही यह छोटे-छोटे जीवों का शिकार भी करता है।

-के.पी.सिंह