इथियोपिया के बेलिहु ने जीती विश्व 10 किमी दौड़

बेंगलुरू, 19 मई (भाषा) : इथियोपिया के एंडमालाक बेलिहु ने रविवार को यहां टीसीएस विश्व 10 किमी बेंगलुरू 2019 दौड़ जीती जबकि महिला वर्ग का खिताब कीनिया की एग्नेस टिरोप ने अपने नाम किया। उन्होंने आईएएएफ गोल्ड लेबल रोड रेस को केवल 27.56 मिनट में पूरा किया जो उनके सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन से आठ सेकेंड और कोर्स रिकार्ड से 12 सेकेंड अधिक है। बीस वर्षीय बेलिहु ने उमस और अधिक तापमान के कारण मुश्किल परिस्थितियों में भी अपने दमखम का अच्छा प्रदर्शन किया। वह दौड़ में शुरू से आगे बने रहे। युगांडा के मांडे बुशेनडिच 28.03 मिनट के साथ दूसरे तथा इथियोपिया के बिरहानु लेगेसी (28.23 मिनट) तीसरे स्थान पर रहे।  महिला वर्ग में टिरोप अपना खिताब बचाने में सफल रही लेकिन उन्होंने कोर्स रिकार्ड से दो मिनट अधिक समय निकाला। बेंगलुरू दौड़ के पिछले 12 साल के इतिहास में यह पहला मौका जबकि किसी महिला धाविका ने लगातार दो खिताब जीते। टिरोप ने 33.55 मिनट में दौड़ जीती। सेनेबेर टेफेरी और लेटसेनबेट गिडे क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रही। भारतीय महिलाओं में संजीवनी जाधव 35.10 मिनट के साथ लगातार दूसरी बार दौड़ जीती। पारूल चौधरी (35.36 मिनट) दूसरे और चिंता यादव (36.34) तीसरे स्थान पर रही।