तीन सीटों के परिणामों से पंजाब भाजपा में भी देखने को मिल सकती है हलचल


जालन्धर, 21 मई (शिव शर्मा): कल आने वाले चुनावी परिणामों से पंजाब भाजपा के अच्छे प्रदर्शन से कई तरह की हलचल देखने को मिल सकती है। तीन सीटों पर पार्टी अच्छा प्रदर्शन करती है तो इससे कमल शर्मा गुट को मजबूती मिलने की संभावना बताई जा रही है। पूर्व पंजाब भाजपा प्रधान कमल शर्मा ने पंजाब में भाजपा की तीन सीटों पर जीत के लिए काफी मेहनत की है और उनके गुट ने दोनों सीटों पर विशेष कार्य किया है जिनमें गुरदासपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी एवं प्रसिद्ध बालीवुड स्टार सन्नी दयोल एवं दूसरी होशियारपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी श्री सोम प्रकाश शामिल हैं। गुरदासपुर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी सन्नी दयोल के साथ पंजाब भाजपा के प्रधान कमल शर्मा ने काफी कार्य किया है और वह स्वयं सन्नी दयोल के रोड शो में रहे हैं।
कमल शर्मा गुट ने दूसरी होशियारपुर लोकसभा क्षेत्र की सीट पर काफी कार्य किया है। सोम प्रकाश श्री कमल शर्मा के साथ लम्बे समय से जुड़े हुए हैं। कमल शर्मा तो दोनों सीटों पर विशेष रूप से सीधे जुड़े हुए हैं। सोम प्रकाश को टिकट मिलने के पश्चात भले ही विजय सांपला गुट नाराज हो गया था परन्तु बाद में इस गुट ने पार्टी हितों को देखते हुए श्री सोम प्रकाश हेतु पूरी मेहनत की थी। कमल शर्मा गुट की नज़रें दोनों सीटों पर है। पार्टी सूत्र बताते हैं कि गुरदासपुर लोकसभा क्षेत्र के जीत से कमल शर्मा गुट को काफी मजबूती मिलेगी परन्तु होशियारपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए भी लाभदायक है। 
यदि दोनों सीटें पार्टी जीत जाती है तो इसका श्रेय कमल शर्मा गुट को अवश्य मिलेगा। अमृतसर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी एवं पूर्व केन्द्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी की जीत हेतु पंजाब भाजपा प्रधान श्वेत मलिक डटे रहे हैं क्योंकि अमृतसर के होने के कारण श्री पुरी की जीत हेतु उन्होंने कार्य किया है। हरदीप सिंह पुरी के जीतने की सूरत में श्वेत मलिक की अध्यक्षता को ओर भी मजबूती मिलेगी।