एथलीट गोमती डोप में फेल, लगा अस्थाई निलंबन


नई दिल्ली, 22 मई (वार्ता) : एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 800 मीटर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली ट्रैक एंड फील्ड एथलीट गोमती मारिमुत्थु को डोप टेस्ट में पोजिटिव पाए जाने के बाद अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया गया है। गोमती को गत माह हुये दोहा एशियाई खेलों और फेडरेशन कप के दौरान प्रतिबंधित दवाओं के सेवन का दोषी पाया गया है। अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ(आईएएफ) की आचार संहिता इकाई ने ट््विटर पर इसकी पुष्टि की है। वैश्विक संस्था के अनुसार गोमती को प्रतिबंधित स्टेरोएड नोरानड्रोस्टेरोन के सेवन का दोषी पाया गया है। एआईयू ने ट््विटर पर लिखा,‘‘एआईयू यह पुष्टि करता है कि भारतीय धाविका गोमती मारिमुत्थु और लंबी दूरी की धाविका बहरीन की यूनिस जेपकिरूई किरवा को डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन का दोषी पाये जाने के लिए अस्थाई तौर पर निलंबित किया जा रहा है। बहरीन की धाविका किरवा भी डोप टेस्ट में फेल हो गयी थीं। हालांकि गोमती ने इन आरोपों पर हैरानी जताते हुए डोप से इंकार किया है और अपने ‘बी’ नमूने की जांच की मांग की है।
 लेकिन नियमों के अनुसार यदि वह बी टेस्ट में भी फेल होती हैं तो उनपर चार वर्ष का बैन लगाया जा सकता है।