भारत ने ईरान से कच्चा तेल खरीदना बंद किया

वाशिंगटन, 24 मई (भाषा) : अमरीका के प्रतिबंधों से मिली छूट की अवधि इस महीने की शुरुआत में समाप्त होने के बाद भारत ने ईरान से कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है। अमरीका में भारत के राजदूत ने यहां यह जानकारी दी। इस कदम के बाद भारत एक और नया देश बन गया है जिसने ईरान से कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है। अमरीका ने ईरान के साथ परमाणु समझौते से खुद को अलग करने के बाद उसके खिलाफ कई आर्थिक प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। हालांकि उसने आठ देशों को ईरान से कच्चा तेल खरीदने पर प्रतिबंधों से छूट दी थी। इस छूट की अवधि मई महीने की शुरुआत में समाप्त हो गई।