गंगवार, मेनका होंगे 17वीं लोकसभा में वरिष्ठतम सदस्य

नई दिल्ली, 24 मई (वार्ता) : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर जीत कर आए मेनका गांधी और संतोष कुमार गंगवार 17वीं लोकसभा में वरिष्ठतम सदस्य होंगे। श्रीमती गांधी उत्तर प्रदेश की सुल्तानपुर सीट से और गंगवार बरेली सीट से जीते हैं। दोनों ही आठवीं बार लोकसभा के लिए चुने गए हैं। श्रीमती गांधी पहली बार 1989 में नौवीं लोकसभा में चुनकर आई थीं। गंगवार ने भी पहली बार 1989 में नौवीं लोकसभा का चुनाव जीता था। वह लगातार 2009 तक लोकसभा के सदस्य बने रहे। इस बार उन्होंने बरेली सीट पर समाजवादी पार्टी के भगवत सरन गंगवार को 1,67,282 मतों के बड़े अंतर से हराया। सदन में ऐसी परंपरा है कि वरिष्ठतम सदस्य को प्रोटेम स्पीकर बनाया जाता है जो नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाता है। इसे देखते हुए इस बार श्रीमती गांधी या गंगवार को प्रोटेम स्पीकर की ज़िम्मेदारी दी जा सकती है।