सुखबीर सिंह बादल ने दिया विधायक पद से इस्तीफा

चंडीगढ़, 30 मई (एन.एस. परवाना): शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल जो फिरोज़पुर से लोकसभा के सदस्य चुने गए हैं, ने पंजाब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है जो स्पीकर राणा के.पी. सिंह ने स्वीकार भी कर लिया है। यह जानकारी विधानसभा के सचिवालय द्वारा दी गई है। अब विधानसभा में अकाली सदस्यों की संख्या 14 रह गई है। इस दौरान पता लगा है कि स. बादल की जगह पर बिक्रम सिंह मजीठिया या स. परमिन्द्र सिंह ढींडसा में से किसी एक को अकाली विधायक दल का नेता बनाए जाने की संभावना है। इस समय स. ढींडसा डिप्टी लीडर हैं। जानकार क्षेत्रों ने यह भी प्रगटावा किया है कि लोकसभा के सदस्य चुने आने के बावजूद स. सुखबीर सिंह बादल शिरोमणि अकाली दल के पहले जैसे प्रधान बने रहेंगे।