गिरिराज का नितीश पर तंज- भाजपा-जदयू के रिश्तों में बढ़ी खटास


पटना, 4 जून (वार्ता) : केन्द्र की मोदी सरकार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के सांकेतिक भागीदारी से इनकार और फिर बिहार के मंत्रिमंडल विस्तार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के शामिल नहीं होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर महागठबंधन में वापसी के लिए डाले जा रहे डोरे के बीच आज केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के इफ्तार को लेकर कुमार पर किए गए तंज ने जदयू-भाजपा के ‘रिश्तों में खटास’ बढ़ा दी है। भाजपा के फायर ब्रांड नेता और केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने आज सोशल नेटवर्किंग साइट ट््विटर पर कुमार पर तंज कसते हुए इफ्तार पार्टी की चार तस्वीरें ट््वीट कर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। सभी तस्वीरों में मुख्यमंत्री कुमार अन्य नेताओं के साथ नज़र आ रहे हैं। उन्होंने इन तस्वीरों को पोस्ट करते हुए लिखा कि कितनी खूबसूरत तस्वीर होती जब इतनी ही चाहत से नवरात्रि पर फलाहार का आयोजन करते और सुंदर फोटो आते? अपने कर्म धर्म में हम पिछड़ क्यों जाते और दिखावे में आगे रहते हैं? वहीं दूसरी ओर अमित शाह ने इस तरह की टिप्पणी के लिए गिरिराज को लताड़ लगाई है।