कोटा अधिक के प्रभाव से चीनी में मंदा जारी : गुड़ स्थिर

नई दिल्ली, 9 जून (एजेंसी): चीनी को कोटा अधिक आने का प्रभाव गत सप्ताह भी  मंदे के रूप में देखा गया। मिलों में वितरक मंडियों की मांग कमजोर होने से 40/50 रुपए और घटाकर डीओ का व्यापार हुआ। जिससे हाजिर में भी बाजार दबे रहे। दूसरी ओर मुजफ्फरनगर के कोल्ड स्टोरों में गुड़ की आवक पूरी तरह समाप्त हो जाने से बाजार मजबूती लिये बंद हुए तथा इसमें 100 रुपए की चालू माह में और तेजी लग रही है। आलोच्य सप्ताह भी चीनी का कोटा अधिक आने का प्रेशर यूपी, महाराष्ट्र, आन्ध्र प्रदेश, कर्नाटक की मिलों में बिकवाली के रूप में देखा गया। यूपी की मिलों ने 40/50 रुपए प्रति क्विंटल घटाकर डीओ का व्यापार किया। जो डीओ पिछले शनिवार को बजाज ग्रुप की मिलों में 3290/3300 रुपए का बना था। वह आलोच्य सप्ताह के अंत में 3240/3250 रुपए पर आ गया। नीचे में थोड़ी नमी वाली चीनी 3190/3200 रुपए भी डीओ में बिकने की खबर थी। महाराष्ट्र एवं कर्नाटक की मिलों ने भी 35/40 रुपए घटाकर व्यापार किया। गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भी चीनी के भाव नीचे होने से घरेलू चीनी उद्योग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। शादियों का समय लगभग एक महीना और है। उसके बाद एक महीना कोई त्यौहार नहीं है। इसे देखते हुए अभी चीनी में 30/40 रुपए का और मंदा लगने लगा है। पिछला उत्पादन अनुमान 333-334 लाख टन का आया था, उसके बाद अभी कोई लेटेस्ट नहीं आया है।