सुजानपुर पुलिस ने नकली सब इंस्पेक्टर को किया गिरफ्तार

सुजानपुर,13 जून - (जगदीप सिंह) - सुजानपुर पुलिस की ओर से एक नकली सब इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया गया है जो नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करता था। जिसकी पहचान रोहित शर्मा पुत्र रजिन्दर शर्मा निवासी कीड़ी मंगियाल (भोआ) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुजानपुर निवासी एक व्यक्ति ने सुजानपुर थाने में शिकायत की थी कि एक व्यक्ति जो अपने आप को पुलिस का सब इंस्पेक्टर बताता है और उसके बेटे को पंजाब पुलिस में हेड कांस्टेबल भर्ती करवाने के लिए 8 लाख और एएसआई के लिए 26 लाख की मांग करता था। जिसके झांसे में आकर उन्होंने उसके साथ अपने बेटे की भर्ती के लिए 8 लाख देना तय कर लिया, जिसमें से उसे 50 हजार और सर्टिफिकेट दे दिए गए। जिसके बाद उसकी ओर से कोई भी काम न करने पर उनको शक हुआ कि उपरोक्त व्यक्ति उनके साथ ठगी कर रहा है। इस संबंधी पुलिस को सूचित करने के बाद बीते कल जब वह बाकी पैसे लेने आया, तो पुलिस ने मौके पर उसे गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी आशवंत सिंह ने बताया कि पुलिस की ओर से रोहित शर्मा के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज करके आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।