जनसंख्या के मामले में 2027 तक चीन को पछाड़ देगा भारत - संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र,18 जून - संयुक्त राष्ट्र की तरफ से जारी किए गए नए आंकड़ों के मुताबिक, साल 2050 तक दुनिया की आबादी 2 बिलियन बढ़ जाएगी। जिसके बाद यह आंकड़ा 7.7 बिलियन से बढ़कर 9.7 बिलियन हो जाएगी। जबकि, वर्तमान सदी के आखिर में दुनिया की आबादी करीब 11 बिलियन के आंकड़े को छू जाएगी। संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक एवं सामाजिक मामलों के विभाग के जनसंख्या खंड की ओर से प्रकाशित ‘द वर्ल्ड पॉपुलेशन प्रॉस्पेक्ट्स 2019 : हाईलाइट्स’ शीर्षक वाली अध्यन रिपोर्ट में कहा गया है कि अगले आठ वर्षों में भारत जनसंख्या के मामले में चीन को पछाड़ देगा। अध्ययन में कहा गया है कि दुनिया की आबादी मौजूदा सदी के अंत तक अपने शीर्ष पर पहुंच सकती है, जो लगभग 11 अरब के स्तर पर हो सकती है। नए आबादी अनुमान में संकेत दिया गया है कि अब से और 2050 के बीच अनुमानित वैश्विक जनसंख्या वृद्धि का आधा से अधिक नौ देशों में होगी। इनमें भारत, नाईजीरिया, पाकिस्तान, कांगो, इथियोपिया, तंजानिया, इंडोनेशिया, मिस्र और अमेरिका शामिल हैं। इन देशों को अपेक्षित जनसंख्या वृद्धि के घटते क्रम में रखा गया है।