इनेलो को झटका- दो विधायक भाजपा में शामिल

चंडीगढ़, 25 जून (राम सिंह बराड़): इनेलो को उस समय भारी झटका लगा जब पार्टी के दो मौजूदा विधायक परमिंद्र ढुल व जाकिर हुस्सैन इनेलो छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। दोनों इनेलो विधायकों ने भाजपा में शामिल होने से पहले हरियाणा विधानसभा स्पीकर को अपना विधायक पद का इस्तीफा सौंप दिया। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला ने दोनों विधायकों को आज चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी का पटका पहनाकर विधिवत रूप से भाजपा में शामिल किया। इनके अलावा रोहतक जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन धर्मपाल मकडौली सहित कई अन्य नेता भी भाजपा में शामिल हुए। भाजपा में शामिल होने वाले दोनों विधायक न सिर्फ बड़े जनाधार वाले नेता थे बल्कि उनकी पारिवारिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि भी बहुत प्रभावशाली रही है। इनेलो छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले जुलाना के विधायक परंिंमद्र सिंह ढुल पिछले 10 सालों से जुलाना से विधायक रहे और जींद जिले में बेहद प्रभावशाली नेता थे। परमिंद्र ढुल के पिता चौधरी दल सिंह पैप्सू स्टेट, पंजाब व हरियाणा विधानसभा में 6 बार विधायक रहे। जाकिर हुस्सैन का परिवार हरियाणा व राजस्थान के मेवात इलाके का सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवार रहा है। जाकिर हुस्सैन के दादा चौधरी मोहम्मद यासीन खान 1926 से लेकर 1962 तक पहले लाहौर संयुक्त विधानसभा और बाद में पंजाब विधानसभा में विधायक रहे और वे 1951-52 में निर्विरोध विधायक चुने गए। जाकिर हुस्सैन के पिता चौधरी तय्यब हुस्सैन 1962 में पंजाब में विधायक चुने गए और 26 वर्ष की उम्र में मंत्री बने। मुख्यमंत्री मनोहर लाल व प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि देश व प्रदेश में निरंतर भाजपा का न सिर्फ परिवार बढ़ रहा है बल्कि ग्राफ भी बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा से प्रदेश की जनता प्रभावित है और आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रदेश में 75 प्लस का टारगेट रखा है। इस मौके सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर व मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहाकार राजीव जैन भी मौजूद थे।