ऋषिकेश का प्रसिद्ध लक्ष्मण झूला बंद

देहरादून, 12 जुलाई (इंट): ऋषिकेश में गंगा नदी पर स्थित ऐतिहासिक ‘लक्ष्मण झूला’ शुक्रवार को बंद हो गया। दरअसल, विशेषज्ञों का मानना है कि यह पुल और अधिक भार सहन नहीं कर सकता। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अतिरिक्त मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने बताया कि यह पुल विशेषज्ञों की एक टीम के सुझाव के बाद बंद कर दिया गया है। विशेषज्ञों ने पाया है कि पुल के ज्यादातार हिस्से ‘बहुत कमज़ोर’ हो गए हैं और गिरने की स्थिति में हैं। वर्णनीय है कि यह पुल ऋषिकेश में गंगा नदी पर 1923 में बना था। लक्ष्मण झूला ऋषिकेश आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का एक मुख्य केंद्र रहा है। अतिरिक्त मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने बताया कि विशेषज्ञों ने इस पुल को लोगों सहित यातायात के लिए फौरन बंद करने का सुझाव दिया था। विशेषज्ञों के स्टडी के अनुसार यह पुल अधिक भार सहन करने की हालत में नहीं है। उन्होंने बताया कि इस पुल पर हाल के समय में लोगों की आवाजाही काफी बढ़ गई जिसके कारण अब यह एक तरफ झुका हुआ प्रतीत हो रहा है। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि इस पुल का इस्तेमाल किया जाना जोखिम भरा हो सकता है। इसे ध्यान में रख कर यह फैसला किया गया है।