गौशाला हाल का लैंटर गिरा, 36 गऊओं व एक बैल की मौत

भगता भाईका, 16 जुलाई (सुखपाल सिंह सोनी): रात्रि से लगातार हो रही बरसात के कारण आज प्रात: स्थानीय गौशाला के हाल का लैंटर गिरने से 36 गायों व 1 बैल की मौत हो गई है, जबकि दो गायें गम्भीर घायल हैं। घटना सम्बन्धी जानकारी मिलते ही निकटवर्ती गांवों के लोगों ने भारी संख्या में पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किए। जानकारी अनुसार गौशाला में 200/60 फुट का लैंटर डालकर गाय आदि के रहने का प्रबन्ध किया हुआ था। गौशाला में ऐसे अन्य भी कई हाल हैं। विगत रात्रि से हो रही लगातार बरसात के कारण आज प्रात: हाल का लैंटर गिर गया, जिसने भारी संख्या में गायों को अपनी चपेट में ले लिया।
गायों को मलबे के नीचे से निकालने हेतु लगभग 10 जे.सी.बी. मशीनों एवं भारी संख्या में ट्रैक्टर ट्रालियों की सहायता ली गई। प्रशासन द्वारा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भेजी गईं और वैटरनरी डाक्टरों की टीमें भी भेजी गईं। टीमों द्वारा घायल गायों का तेजी से उपचार शुरू किया गया। गायाें को निकालने हेतु गांवों के असंख्य लोगों द्वारा बरसात के बावजूद भी सेवा जारी रखी गई। घटना सम्बन्धी गौशाला के सेवकों से प्राप्त जानकारी अनुसार 36 गाय, 1 बैल की मौत हो गई। दो गायें गंभीर रूप से घायल हैं। एक बछड़े की टांग कट गई है। घटना सम्बन्धी सूचना मिलने पर राजस्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़, पूर्व कैबिनेट मंत्री सिकन्दर सिंह मलूका, डिप्टी कमिश्नर बठिंडा श्री बी श्रीनिवासन, एस.डी.एम. फूल खुशदिल सिंह, नायब तहसीलदार कुलदीप सिंह, एस.एच.ओ. राजिन्द्र कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस अवसर पर घटना पर खेद व्यक्त करते हुए राजस्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ ने गौशाला को 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। पूर्व कैबिनेट मंत्री सिकन्दर सिंह मलूका ने अकाली दल की टीम को बचाव कार्यों में लगाने के पश्चात घायल गाय के उपचार हेतु 25 हज़ार की नकद सहायता दी।ं