प्रियंका गांधी हिरासत में, कई जगह कांग्रेस का प्रदर्शन


लखनऊ/नई दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा): सोनभद्र गोलीकांड में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने जा रहीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को राज्य प्रशासन द्वारा बीच रास्ते में ही रोक दिए जाने के बाद हिरासत में ले लिया गया। प्रदेश प्रशासन की इस कार्रवाई के विरोध में उत्तर भारत में जगह जगह कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। सोनभद्र जाने से रोके जाने के बाद प्रियंका गांधी बीच सड़क पर ही पाल्थी मारकर बैठ गईं और जोर देने लगीं कि उन्हें आगे जाने की इजाजत दी जाए। वह इस बात पर अड़ी हुई थीं कि या तो उन्हें आगे जाने की इजाजत दी जाए या जेल भेज दिया जाए। उनका कहना था कि हत्याकांड के पीड़ितों से मिले बगैर नहीं जाएंगी। प्रशासन से उनकी वार्ता भी बेनतीजा रही। उन्होंने वारदात में मारे गए लोगों के परिजन को 25-25 लाख रुपए का मुआवजा और ज़मीन पर मालिकाना हक दिए जाने की भी मांग की। इस बीच, प्रियंका को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में जगह-जगह प्रदर्शन किया। सोनभद्र गोलीकांड को लेकर सियासी सरगर्मियों में शुक्रवार को आई तेज़ी के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित पार्टी के दूसरे नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रियंका को ‘अवैध’ रूप से गिरफ्तार किया गया और उत्तर प्रदेश सरकार लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश कर रही है जबकि स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने कहा कि राज्य के मिर्जापुर ज़िले के नारायणपुर में उन्हें हिरासत में लिया गया।