बैंक खातों के त्रुटिपूर्ण तथ्यों के कारण 2.69 लाख किसानों को नहीं मिल पाई पी.एम. किसान योजना की पहली किश्त

नई दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम किसान) योजना के तहत मिलने वाली राशि की पहली किश्त मिलने से 2.69 लाख किसान वंचित रह गए, जिसकी वजह इन किसनों के बैंक खातों की राज्य सरकारों द्वारा केन्द्र सरकार को त्रुटिपूर्ण तथ्य मुहैया करवाया जाना था। कृषि राज्य मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने राज्यसभा में प्रश्नकाल में बताया कि राज्य सरकारों से इन त्रुटियों को दुरुस्त कर सही विवरण मंत्रालय को देने को कहा है। उन्होंने बताया कि आठ राज्यों (असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड) के 2,69.605 किसानों के बैंक खातों की जानकारियां त्रुटिपूर्ण होने के कारण इन्हें पहली किश्त नहीं मिल पाई। रूपाला ने एक अन्य पूरक प्रश्न में कहा कि तीन राज्यों, झारखंड, नागालैंड, और मणिपुर में किसानों के भूस्वामित्व संबंधी ब्योरा नहीं मिल पाया है।