किसानों की फसलों की गिरदावरी करवाकर दिया जायेगा पूरा मुआवजा - सरकारिया

लहरागागा, 21 जुलाई - (सूरज भान गोयल) - पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह की ओर से घग्गर दरिया के पर बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता प्रबंध किये गए हैं और अधिकारी समय-समय पर संवेदनशील स्थानों का जायजा भी ले रहे हैं।  यह शब्द पंजाब के आपदा प्रबंधन एवं जल संसाधन मंत्री सुखबिन्दर सिंह सुख सरकारिया ने आज यहां पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री बीबी राजिन्दर कौर भट्ठल के आवास पर पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब की ओर से ऐलान कर दिया गया है कि घग्गर दरिया के पानी से फसलों का जो नुक्सान हुआ है उसकी गिरदावरी करवाकर जल्द से जल्द बनता मुआवजा किसानों को दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि 10 साल अकाली /भाजपा सरकार ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। घग्गर को चौड़ा करने, पुल बनाने और साफ सफाई के काम कांग्रेस सरकार ने ही किये हैं। उन्होंने घग्गर को चौड़ा न करने के कारणों के बारे सवाल के जवाब में कहा कि पानियों का मसला हरियाणा के साथ संबंधित है, अब भी हरियाणा की नदियों का पानी आने के कारण ही यह बांध टूटा है ड्रेनों की सफाई समय पर न होने के बारे में मुख्य इंजीनियर संजीव गुप्ता ने कहा कि सरकार द्वारा फंड की कमी रह जाती है यदि कुछ ड्रेनों की सफाई नहीं हुई, तो उनकी सफाई भी करवा दी जायेगी।