खोदे गए खड्डे में गिरने से तीन बच्चों की डूबने से मौत

फतेहगढ़ साहिब, 21 जुलाई - (अरुण आहूजा) - जिले के गांव खोजेमाजरा में बीते दिन खोदे गए एक खड्डे में एक ही परिवार के तीन बच्चों की डूब जाने से मौत हो जाने का समाचार मिला है। इस हादसे के उपरांत समूचे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा आज देर शाम करीब साढ़े 7 बजे हुआ। सिविल अस्पताल में जायजा लेने पहुंचे फतेहगढ़ साहिब के डीएसपी रमिन्दर सिंह काहलों और थाना सरहिन्द  के प्रमुख इंस्पेक्टर रजनीश सूद ने बताया कि पुलिस को देर शाम करीब पौने 8 बजे घटना की जानकारी मिली, जिसके उपरांत बच्चों को सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब लाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित  कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक बच्चों की पहचान लवप्रीत सिंह (9), जोबनप्रीत सिंह (10) और जशनप्रीत सिंह पुत्र निर्मल सिंह निवासी गांव खोजेमाजरा के रूप में हुई है, जोकि सरकारी स्कूल में क्रमवार चौथी, पांचवीं और छठी कक्षा में पढ़ते थे। उन्होंने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जायेगी, कि गांव में खड्डा क्यों निकाला गया था और किसके द्वारा इसे निकाला गया था।