महाकालेश्वर पहली सवारी में श्री मनमहेश के स्वरूप में देंगे भक्तों को दर्शन

उज्जैन 21 जुलाई (वार्ता) : मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में परंपरानुसार श्रावण महीने में निकलने वाली भगवान महाकालेश्वर की पहली सवारी कल यहां निकलेगी। वर्षों पुरानी परंपरानुसार श्रावण व भाद्र महीने के प्रत्येक सोमवार को भगवान महाकालेश्वर की सवारी निकलती है। कल श्रावण महिने के प्रथम सोमवार के दिन भगवान की सवारी बडे ही ठाठ-बाट से निकाली जायेगी। पालकी में भगवान श्री मनमहेश के स्वरूप में अपने भक्तों को दर्शन देने के लिये नगर भ्रमण पर निकलेंगे। इसके पूर्व भगवान श्री महाकालेश्वर के श्री मनमहेश स्वरूप का विधिवत पूजा-अर्चना महाकाल मन्दिर के सभा मण्डप में होगी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि भगवान की सवारी मन्दिर से अपने निर्धारित समय शाम चार बजे निकलेगी और मन्दिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा भगवान श्री मनमहेश को सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) दी जायेगी।