सिक्किम में एसडीएफ को बड़ा झटका 10 विधायक भाजपा में शामिल

नई दिल्ली, 13 अगस्त (भाषा) : सिक्किम की राजनीति में मंगलवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला जब पूर्व मुख्यमंत्री पवन चामलिंग की पार्टी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) के 10 विधायक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। नई दिल्ली में आज भाजपा मुख्यालय में पार्टी महासचिव राम माधव की उपस्थिति में एसडीएफ के 10 विधायक भाजपा में शामिल हुए। इनमें पांच बार के विधायक दोरजी शेरिंग लेप्चा के अलावा डी. आर. थापा, कर्मा सोनेम लेप्चा, के. बी. राय, टी. टी. भूटिया, फरमंती तमांग, पिंटो नामग्याल लेप्चा, राम कुमारी थापा आदि शामिल हैं। सिक्किम के इन विधायकों का पार्टी में स्वागत करते हुए भाजपा महासचिव राम माधव ने संवाददाताओं से कहा कि सिक्किम में पिछले 25 वर्षों से सत्ता में रहे एसडीएफ को इस बार के विधानसभा चुनाव में 15 सीटों पर विजय मिली। इनमें से दो व्यक्ति दो-दो सीटों पर विजय हुए थे। इस प्रकार से सीटों की प्रभावी संख्या 13 थी। उन्होंने कहा कि इनमें से 10 विधायकों ने भाजपा में शामिल होने का निर्णय किया। इस विषय पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के मार्गदर्शन और कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा के दिशानिर्देशन में इन विधायकों को भाजपा में शामिल किया गया है।