भारत के पूर्व क्रिकेटर वीबी चंद्रशेखर का निधन

चेन्नई, 16 अगस्त (भाषा): पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज और राष्ट्रीय चयनकर्ता वीबी चंद्रशेखर ने कर्ज के कारण तनाव के चलते आत्महत्या की। गुरुवार को शुरूआती रिपोर्ट के अनुसार उनका निधन दिल का दौरा पड़ने के कारण हुआ था।  लेकिन वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार चंद्रशेखर ने कर्ज के कारण गुरूवार को यहां अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।  पुलिस अधिकारी ने कहा कि वह इस कर्जे के कारण काफी तनाव में थे। तमिलनाडु के इस पूर्व बल्लेबाज का छह दिन बाद 58 वां जन्मदिन था। उनके निधन पर पूरे क्रिकेट जगत में शोक का महौल है। चंद्रशेखर के परिवार के सदस्यों के मुताबिक, वह क्रिकेट लीग की टीम को चलाने में हो रहे नुकसान से दुखी थे और इसलिए उन्होंने गुरुवार को आत्महत्या कर ली। वह तमिलनाडु क्रिकेट लीग में वीबी कांची वीरंस के मालिक थे। साथ ही वह कोचिंग सेंटर भी चलाते थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक जताते हुए लिखा, ‘‘बीसीसीआई को यह बात बताते हुए दुख हो रहा है कि वीबी चंद्रशेखर का निधन हो गया है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रंशसकों के साथ हमारी संवेदनाएं हैं।’’भारत के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस. लक्ष्मण ने ट्वीट कर लिखा, ‘‘अपने जिगरी दोस्त चंद्रशेखर के निधन की खबर सुनकर काफी दुखी हूं। उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’’ भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने ट्वीट किया, ‘‘बेहद दुखद खबर...वीबी...बहुत जल्दी चले गए। हैरान हूं। परिवार और दोस्तों को मेरी संवेदनाएं।’’ चेन्नई सुपर किंग्स के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा, ‘‘दुखद दिन और क्रिकेट परिवार का बड़ा नुकसान। वीबी भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।’’सुरेश रैना ने लिखा, ‘‘चंद्रशेखर के निधन की खबर सुनकर काफी दुखी हूं। उनके लगातार प्रयासों के कारण ही चेन्नई सुपर किंग्स को सही बुनियाद मिली थी। ’’चंद्रशेखर अपने पीछे अपनी पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उन्होंने 1988 से 1990 में भारत के लिए सात वनडे मैच खेले।