अमरनाथ यात्रा संपन्न, 3.43 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

श्रीनगर, 16 अगस्त (वार्ता) : दक्षिण कश्मीर के हिमालय स्थित पवित्र बाबा बर्फानी की अमरनाथ गुफा में गुरुवार को श्रावण पूर्णिमा के दिन आध्यात्मिक श्लोकों के उच्चारणों के साथ वार्षिक यात्रा संपन्न हुई। अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अनूप कुमार सोनी अन्य अधिकारियों ने पवित्र गुफा में पहुंचे और पूजा आदि कार्यों का समापन किया। उन्होंने राज्य में शांति बहाली, सद्भाव, विकास और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि वार्षिक यात्रा के दौरान तीन लाख 43 हजार 587 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए। यह वार्षिक यात्रा एक जुलाई से परंपरागत मार्ग बालटाल और पहलगाम से शुरू हुई थी। जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल सत्य पाल मलिक ने अनंतनाग और गंदेरबल ज़िले के नागरिक एवं पुलिस प्रशासन, जम्मू-कश्मीर पुलिस, केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल, सेना, राज्य सरकार के विभिन्न विभागों और सभी अन्य एजेंसियों को अमरनाथ यात्रा 2019 सुचारु रूप से चलाने और संपन्न कराने के लिए बधाई दी है।