उम्मीदें अभी ख़त्म नहीं हुई:इसरो प्रमुख

 

नई दिल्ली, 08 सितम्बर -इसरो प्रमुख डॉ के सिवन ने कहा है कि चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम से संपर्क की उम्मीदें अभी ख़त्म नहीं हुई हैं. डॉ सिवन ने कहा कि वैज्ञानिक अब भी विक्रम से संपर्क जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं जिसकी लाइफ़ पृथ्वी के 14 दिनों के बराबर है.डॉ सिवन ने दूरदर्शन से कहा, ''हमलोग संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं. हम अगले 14 दिनों तक यह कोशिश करेंगे.''इसरो की योजना चंद्रयान-2 को विक्रम लैंडर के ज़रिए चन्द्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैन्डिंग कराने की थी लेकिन सब कुछ योजना के मुताबिक़ नहीं हो पाया. शनिवार सुबह लैंडर विक्रम का आख़िरी वक़्त में ग्राउंड स्टेशन से संपर्क टूट गया था.डॉ सिवन ने दूरदर्शन को दिए इंटरव्यू में कहा कि चंद्रयान-2 की सॉफ़्ट लैन्डिंग के लिए चार अहम चरण थे. तीन चरण सफलता पूर्वक पार कर लिए थे लेकिन आख़िरी का चरण सबसे अहम था और इसी में लैंडर विक्रम का ग्राउंड स्टेशन से संपर्क टूट गया.चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर जहां आज तक कोई देश नहीं पहुंचा, वहां रोवर को सॉफ्ट लैंड कराने का भारत का ऐतिहासिक मिशन भले पूरा नहीं हुआ हो, लेकिन इसने इसरो की इंजिनियरिंग दिलेरी और भारत के स्पेस सुपरपावर बनने की महत्वाकांक्षा को दो टूक बयां कर रहा है।