जबलपुर से अगले पड़ाव सागर हेतु नगर कीर्तन हुआ रवाना

अमृतसर, 10 सितम्बर (अ.स.): श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व सम्बन्धी आरम्भ हुए अन्तर्राष्ट्रीय नगर कीर्तन का मध्यप्रदेश में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया जा रहा है। इसी दौरान विभिन्न चरणों से होता हुआ यह नगर कीर्तन आज मध्यप्रदेश के जबलपुर से सागर हेतु रवाना हो गया। यहां रवानगी से पहले भाई जगदेव सिंह द्वारा अरदास की गई और रागी सिंहों ने गुरबाणी कीर्तन भी किया। इस अवसर पर शिरोमणि कमेटी सदस्य जत्थेदार करनैल सिंह पंजोली ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते गुरु साहिब की शिक्षाओं से जुड़ने की प्रेरणा की। जबलपुर में मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री तरुण बनोट भी गुरु साहिब को नतमस्तक होने के लिए पहुंचे। इसके अतिरिक्त हाईकोर्ट के माननीय जज जी.एस. आहलूवालिया एवं उनकी पत्नी भूपिन्द्र कौर ने भी नगर कीर्तन में उपस्थिति दर्ज करके श्रद्धा व्यक्त की। शिरोमणि कमेटी के सदस्य जत्थेदार जरनैल सिंह पंजोली ने जबलपुर से जानकारी सांझी करते बताया कि नगर कीर्तन के रास्ते पर हर स्थान पर श्रद्धालु स्वागत हेतु मौजूद थे, जिन्होंने गुरु साहिब को श्रद्धा एवं सम्मान भेंट करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं हेतु लंगरों एवं चाय पानी आदि की सेवा भी की। उन्होंने बताया कि कारोबारी श्रद्धालुओं द्वारा अपने दुकानों के बाहर सामर्थ्य अनुसार स्वागत एवं टहल सेवा के प्रबन्ध किए गए थे। नगर कीर्तन का स्वागत करने वाले श्रद्धालुओं में सिखों के अतिरिक्त हिन्दू, मुसलमान एवं अन्य भाईचारे के लोग भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि नगर कीर्तन के प्रति इतना भव्य उत्साह अपने आप में ऐतिहासिक है।