मुख्यमंत्री द्वारा किसान-मजदूर संघर्ष कमेटी के साथ बैठक

अमृतसर, 17 सितम्बर (अ.स.) : किसानों की मांगों संबंधी मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह द्वारा किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के अध्यक्ष सतनाम सिंह पन्नू व महासचिव सरवण सिंह पंधेर की अगुवाई में निचले किसान प्रतिनिधिमंडल के साथ पंजाब भवन में बैठक की, जिसमें वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, पंचायत मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, राजस्व मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़, कैबिनेट मंत्री सुखबिंदर सिंह सरकारिया, सलाहकार कुलजीत सिंह नागरा,  अतिरिक्त मुख्य सचिव खेतीबाड़ी विश्वजीत खन्ना व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
 जानकारी देते हुए किसान नेता गुरबचन सिंह चब्बा ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा पहले स्वीकृत मांगों को लागू करने के लिए जहां संबंधित अधिकारियों को हिदायतें जारी की वहीं चुनाव वादों पर मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्रियों व अफसरशाही का व्यवहार गैर-संजीदा व नकारात्मक था जबकि हैरानीजनक पक्ष यह था कि केन्द्र सरकार द्वारा 16 देशों के साथ किया जा रहा कर मुक्त व्यापार समझौता व कृषि मंडी तोड़ने के प्रस्ताव से मुख्यमंत्री पंजाब मोदी सरकार के साथ खड़े नज़र आए और इसी तरह नशे के मुद्दे पर नशेड़ियों के अभिभावकों पर ज़िम्मेवारी डालकर पंजाब सरकार अपनी ज़िम्मेवारी से भागती नज़र आई। किसान नेताओं ने चेतावनी देते हुए 1 अक्तूबर से पंजाब भर के डी.सी. कार्यालयों के आगे पक्का मोर्चा लगाने व सुनवाई न होने की सूरत में रेलों का चक्का जाम करने की घोषणा की।