भारत को मिला पहला राफेल विमान,  वायुसेना उप-प्रमुख ने भरी उड़ान

नई दिल्ली, 20 सितम्बर (इंट) : भारतीय वायुसेना को पहला राफेल फाइटर जेट फ्रांस ने सौंप दिया है। उप वायुसेना प्रमुख एयर मार्शल वीआर चौधरी ने लगभग एक घंटे तक विमान में उड़ान भरी। भारतीय वायु सेना के सूत्रों के मुताबिक गुरुवार को भारत को फ्रांस ने पहला राफेल विमान सौंपा। इस राफेल विमान का टेल नंबर आरबी-01 है, जो भारतीय वायुसेना के अगले चीफ एयर मार्शल राकेश कुमार सिंह भदौरिया के नाम को दर्शाता है। भदौरिया राफेल फाइटर जेट को उड़ा चुके हैं। वो राफेल फाइटर जेट को उड़ाने वाले भारतीय वायुसेना के पहले पायलट हैं। उनको गुरुवार को ही भारतीय वायुसेना का नया चीफ नियुक्त किया गया है। वो एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ की जगह लेंगे। धनोआ 30 सितम्बर को चीफ ऑफ एयर स्टाफ के पद से रिटायर हो रहे हैं।