‘एक राष्ट्र-एक भाषा’ का विचार देश के संघीय ढांचे को तबाह कर देगा : सिंगला

चंडीगढ़, 22 सितंबर (वार्ता) : पंजाब के शिक्षा मंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय इंदर सिंगला ने आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का चलाया जा रहा ‘एक राष्ट्र-एक भाषा’ का एजेंडा देश के संघीय ढांचे को तबाह कर देगा और यह प्रचलन बहुभाषाई राज्यों के सुमेल वाले भारत देश के लिए बहुत खतरनाक है। यहां जारी बयान में सिंगला ने कहा कि भारत के गृह मंत्री अमित शाह के ‘एक राष्ट्र-एक भाषा’ के बयान से भाजपा के गुप्त एजेंडे की पोल खुल गई है जो देश के संविधान की मूल भावना के विरूद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत बहु भाषाई, बहु सभ्यताओं, विविधताओं वाला देश है जिसका संविधान ‘अनेकता में एकता’ की बात करता है परंतु भाजपा नेता की बात संविधान की मूल भावना के उलट है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार देश में आई है, तब से देश के संविधान को कमजोर करने की कोशिशें और संवैधानिक संस्थाओं की अवहेलना की जा रही है और अब इस नये विचार से देश के संविधान पर सबसे बड़ा हमला हुआ है। सिंगला ने केंद्रीय सत्ता में सहयोगी शिरोमणि अकाली दल को भी इस मामले पर स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा है।