खन्ना आईटीएफ अध्यक्ष पद का चुनाव हारे

नई दिल्ली, 27 सितम्बर (भाषा): भारतीय खेल प्रशासक अनिल खन्ना अंर्तराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) के अध्यक्ष पद का चुनाव अमेरिका के डेविड हागर्टी से 146 मत के बड़े अंतर से हार गये।  चुनाव शुक्रवार को लिस्बन में विश्व टेनिस संस्था की एजीएम में किये गये थे। हागर्टी को दूसरी बार इस पद के लिये चुना गया है और वह 2023 तक इस पद पर बने रहेंगे।   इससे पहले खन्ना और हागर्टी 2015 में भी आमने सामने थे लेकिन तब मुकाबला अधिक करीबी थी। तब अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के पूर्व उपाध्यक्ष खन्ना केवल दस मतों से पराजित हुए थे। लेकिन शुक्रवार को हुए चुनाव में खन्ना केवल 93 मत ही हासिल कर पाये जबकि हागर्टी को 259 मत मिले। हागर्टी को 428 वैध मतों में से बहुमत के लिये केवल 215 मतों की जरूरत थी। खन्ना एशियाई टेनिस महासंघ (एटीएफ) के अध्यक्ष हैं। परिणाम घोषित किये जाने के बाद खन्ना ने कहा, ‘‘मैं बाद में परिणामों का विश्लेषण करूंगा।’’ आयरलैंड के डेविड मिले (46) और चेक गणराज्य के इवो काडरेका (30) क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर रहे। आलम यह था कि अगर खन्ना, मिले और काडरेका के मत भी मिला दिये जाते तब भी वे हागर्टी को मिले मतों से कम होते।