राजोआणा की फांसी उम्रकैद में बदलने का मामलार् फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगा बेअंत सिंह का परिवार

शिमला, 1 अक्तूबर (भाषा) : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या में शामिल खालिस्तानी आतंकवादी बलवंत सिंह राजोआणा की मौत की सजा बदलने के केंद्र सरकार के फैसले को बेअंत सिंह का परिवार उच्चतम न्यायालय में चुनौती देगा। सिंह के पौत्र तथा कांग्रेस विधायक गुरकीरत सिंह कोटली ने यहां इसकी जानकारी दी। पंजाब के विधायक कोटली ने यहां मंगलवार को प्रेट्र को बताया कि हम लोग इस पर कानूनी सलाह ले रहे हैं। हम लोग केंद्र सरकार के इस फैसले को इस आधार पर चुनौती देंगे कि मौत की सज़ा को बदलने के लिए राजोआणा ने कभी अपनी ओर से दया याचिका दायर नहीं की। सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव के 550 वें प्रकाश पर्व से पहले गृह मंत्रालय ने शनिवार को आतंकी राजोआणा की मौत की सज़ा को मानवता के आधार पर उम्रकैद में बदलने का निर्णय किया है। पंजाब से आतंकवाद के काले दौर को समाप्त करने में महती भूमिका अदा करने वाले प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की 31 अगस्त 1995 को आत्मघाती हमलावरों ने नृशंस हत्या कर दी थी।