कांग्रेस पार्टी से विधायक रहे प्रहलाद साहनी आप में हुए शामिल

नई दिल्ली, 6 अक्तूबर (भाषा) : कांग्रेस से चार बार विधायक रहे प्रह्लाद सिंह साहनी रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। साहनी (68) ने कहा कि वह आम आदमी पार्टी (आप) के कार्य से प्रभावित हुए हैं और वह जहां भी जाते हैं उन्हें ‘आप’ द्वारा किए गए विकास के कार्य सुनने को मिलते हैं। साहनी दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के करीबी सहयोगी रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट पाने के मकसद से वह पार्टी में शामिल नहीं हो रहे हैं, बल्कि दिल्ली के विकास की दिशा में काम करने के इरादे से पार्टी में शामिल हो रहे हैं। पार्टी में साहनी का स्वागत करते हुए केजरीवाल ने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि वह अपनी टीम के साथ आप में शामिल हो गए हैं।