जस्टिस विनोद कुमार शर्मा को लोकपाल के रूप में शपथ दिलाई

चंडीगढ़, 8 अक्तूबर (अ.स.): पंजाब के राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनौर ने जस्टिस (सेवानिवृत्त) विनोद कुमार शर्मा को पंजाब के लोकपाल एवं लैफ्टिनैंट जनरल (सेवानिवृत्त) अजय कुमार शर्मा को पंजाब के नए सूचना कमिश्नर के रूप में शपथ दिलाई। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे। यह शपथ ग्रहण समारोह पंजाब राज भवन में आयोजित किया गया। इससे पहले पंजाब के मुख्य सचिव करन अवतार सिंह ने राज्यपाल से स्वीकृति लेकर इस शपथ ग्रहण समारोह की कार्रवाई शुरू की। इसके पश्चात जस्टिस (सेवानिवृत्त) विनोद कुमार शर्मा ने पंजाब के लोकपाल एवं लैफ्टिनैंट जनरल (सेवानिवृत्त) अजय कुमार शर्मा ने पंजाब के नए सूचना कमिश्नर के रूप में राज्यपाल की उपस्थिति में हस्ताक्षर करके शपथ उठाई। जस्टिस विनोद कुमार शर्मा ने वर्ष 2006 से 2010 तक पंजाब एवं हरियाणा में बतौर जज सेवा निभाई। इसके पश्चात उन्होंने वर्ष 2010 से 2013 तक हाईकोर्ट मद्रास में स्थायी जज के रूप में सेवा निभाई जबकि लैफ्टिनैंट जनरल (सेवानिवृत्त) अजय कुमार शर्मा ने सेना में 38 वर्ष अपनी शानदार सेवाएं निभाईं। उन्होंने उत्तर पूर्वी में इंफैंट्री ब्रिगेड का नेतृत्व किया और संयुक्त राष्ट्र के हिस्से के रूप में डी.आर. कांगो में मल्टी नैशनल ब्रिगेड का भी बड़े गौरवमयी ढंग से नेतृत्व किया। इस समारोह दौरान विधायक राणा गुरजीत सिंह, पंजाब के राज्यपाल के प्रमुख सचिव जे.एम. बालामुरुगन, मुख्य सूचना कमिश्नर सुरेश अरोड़ा, प्रमुख सचिव (मुख्यमंत्री पंजाब) तेजवीर सिंह, प्रमुख सचिव (जलस्रोत विभाग) सर्वजीत सिंह व अन्य उपस्थित थे।