तरावड़ी पहुंचने पर नगर कीर्तन का भव्य स्वागत

तरावड़ी, 8 अक्तूबर (राजकुमार खुराना) : गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में नगर कीर्तन पाकिस्तान के ननकाना साहिब से चलकर पूरे भारत का भ्रमण करते हुए सोमवार को करीब रात्रि 8 बजे तरावड़ी में गुरुद्वारा शीशगंज साहिब पहुंचा। जहां पर गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों व सैकड़ों की सख्यां में संगत ने पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन के साथ भव्य स्वागत किया। इसके साथ संगत ने यात्रा की अगुवाई कर रहे पांच प्यारों व निशान धारी को सिरोपा भेंट करके गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया। संगत ने फूलों से सुसज्जित पालकी साहिब के में विराजमान गुरु ग्रंथ साहिब महाराज के शीश झुकाते हुए अरदास भी की। संगत ने वाहेगुरु का जाप किया। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित अंतर्राष्ट्रीय नगर कीर्तन ननकाना साहिब से चलकर भारत के सभी धार्मिक स्थानों से होते हुए सुल्तानपुर लोधी पहुंचेगा। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों में सद्भावना, भाईचारा मानव प्रेम का संदेश देना है। नगर कीर्तन शहर के मेन बाज़ार से होते हुए तरावड़ी पहुंचा। जगह-जगह पर नगर कीर्तन का स्वागत किया। रात्रि गुरुद्वारा शीशगंज साहिब में विश्राम के पश्चात् सुबह मंगलवार को कुरुक्षेत्र के लिए नगर कीर्तन रवाना हुआ।