अमृतसर में राष्ट्रीय स्तरीय गतका चैम्पियनशिप शुरू

अमृतसर, 12 अक्तूबर (गगनदीप शर्मा) : पहली पातशाही श्री गुरू नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित दो दिवसीय राष्ट्रीय जूनियर व सीनियर गतका चैम्पियनशिप का आगाज आज खालसा कालेज सी.सै.स्कूल (लड़के) में कैबिनट मंत्री ओम प्रकाश सोनी द्वारा अपने कर-कमलों से कर दिया गया। इस चैम्पियनशिप में चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, कर्नाटका, उतराखंड, असम, मध्य प्रदेश सहित 15 राज्यों के 500 खिलाड़ी हिस्सा लेकर गतके का जौहर दिखाएंगे। मुख्यातिथि  सोनी ने कहा कि गतका खेल हमारे गुरूओं की देन है। इस खेल को खेलने पर नया उत्साह पैदा होता है। इसी दौरान उन्होंने गतका फैडरेशन को 3 लाख रूपये देने की घोषणा की। दूसरी तरफ गतका एसोसिएशन के प्रधान रजिंदर सिंह सोहल ने बताया इस चैम्पियनशिप को निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से करवाने के लिए 40 सदस्यीय रैफरी कौंसिल गठित की गई है। इस मौके पर बलजिंदर सिंह तूर, मनजीत सिंह, जगजीत सिंह, मनविंदर सिंह, जगकिरण कौर, प्रिं. पुनीत नागपाल, रणकीरत सिंह के अलावा भारी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे।