सौरव गांगुली बने  BCCI के अध्यक्ष बने 

मुंबई, 14 अक्तूबर (वार्ता) : भारतीय क्रिकेट के महाराजा कहे जाने वाले बंगाल टाइगर सौरभ गांगुली का भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड का नया अध्यक्ष बनना तय हो गया है। गांगुली ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को नामांकन दाखिल किया। इस प्रतिष्ठित पद के लिए उनका निर्विरोध चुना जाना तय है। बोर्ड चुनावों के लिए नामांकन भरने की आज आखिरी तारीख थी। पूर्व भारतीय कप्तान गांगुली के खिलाफ अध्यक्ष पद के लिए कोई और नामांकन नहीं है, इसलिए उनका बीसीसीआई का नया बॉस बनना तय है। गांगुली ने आईपीएल के पूर्व कमिश्नर राजीव शुक्ला के साथ यहां नामांकन दाखिल किया। गांगुली ने 400 से ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिन्धित्व किया और वह पांच वर्षों तक भारत के कप्तान भी रहे। 47 वर्षीय गांगुली ने नामांकन दाखिल करने के बाद संवाददातों से कहा कि निश्चित तौर पर यह बहुत अच्छा अहसास है, क्योंकि वह देश के लिए खेले और कप्तान भी रहे। अध्यक्ष पद की दौड़ में बृजेश पटेल को पछाड़ने के बाद अब दादा इस पद के अकेले उम्मीदवार रह गए हैं। हालांकि बीसीसीआई नियमों के अनुसार अनिवार्य कूलिंग ऑफ अवधि के कारण उन्हें जुलाई 2020 में पद छोड़ना होगा। गांगुली ने कहा, ‘‘निर्विरोध चुना जाना ही बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। यह विश्व क्रिकेट का सबसे बड़ा संगठन है और जिम्मेदारी तो है ही, चाहे आप निर्विरोध चुने गए हों या नहीं। भारत क्रिकेट की महाशक्ति है तो यह चुनौती भी बड़ी होगी।